पटना में मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले छात्रों की पुलिस से झड़प, बैरिकेडिंग तोड़ी; क्या है मांग?
क्या है खबर?
बिहार की राजधानी पटना में छात्र एक बार फिर सड़कों पर उतर आए हैं। मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले छात्रों को पुलिस ने रोका तो उनकी झड़प हो गई। छात्रों ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और आगे निकल गए। इस दौरान छात्रों ने जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक तक के रास्ते को भी जाम कर दिया। छात्रों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपेगे।
प्रदर्शन
जेपी गोलंबर पर रोके जाने से भड़के छात्र
छात्र गांधी मैदान पर इकट्ठा हुए थे। यहां से वे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले। इस दौरान जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने छात्रों को रोक दिया। यहां पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और बवाल हुआ।
छात्रों ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और उसके ऊपर चढ़ गए।
इस दौरान अशोक राजपथ समेत आसपास के रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मास्क
मास्क लगाकर आए छात्र
प्रदर्शन के दौरान छात्र मास्क लगाकर और चेहरे पर रुमाल बांधकर सड़कों पर उतरे। छात्रों का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर आयोग नजर रखता है और उन्हें परीक्षा में बैठने नहीं देता है। इस वजह से वे चेहरा छिपाकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थींं। एक छात्र शंख बजाता हुआ भी नजर आया।
मांग
क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं छात्र?
छात्र बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं परीक्षा में फर्जीवाड़ा का आरोप लगा रहे हैं। सरकार ने शारीरिक परीक्षा और दस्तावेज प्रक्रिया पहले ही रद्द कर दी है। छात्रों पूरी परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
छात्र 1,799 पदों वाली दरोगा परीक्षा को भी रद्द करने की मांग कर रहे हैं
इसके अलावा BPSC की इंटर स्तरीय परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने की भी मांग है।