बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा में बवाल: छात्रों का पथराव, ट्रेनें रोकीं; पुलिस ने हवाई फायर किए
क्या है खबर?
बिहार में आज से शुरू हुई सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले ही दिन भारी बवाल हो गया है। परीक्षा शुरू होने से पहले पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। ट्रेनों की अव्यवस्था से नाराज छात्रों ने कई ट्रेनों को रोक दिया, पथराव किया और विशेष ट्रेन में तोड़फोड़ की। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हवाई फायरिंग भी की।
घटना
ट्रेनों की कथित अव्यवस्था से नाराज हुए अभ्यर्थी
जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पाटलिपुत्र स्टेशन पर इकट्ठा हुए थे। इस दौरान ट्रेनों की व्यवस्था को लेकर कुछ ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन में तोड़फोड़ के साथ रेलवे संचालन बाधित करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत करने की कोशिश की। स्थिति काबू में न आने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
ट्विटर पोस्ट
छात्रों के बवाल का वीडियो
Imagine waiting for your train...
— Gems Of Railway (@GemsOfRailway) June 14, 2026
And suddenly finding yourself hiding behind a pillar to avoid getting hit by flying stones.
That's exactly what happened at Patliputra Junction.
Trains were attacked.
Shops were damaged.
Passengers were forced to take shelter. pic.twitter.com/L6SCHGnJNd
पुलिस
घटना के बारे में पुलिस ने क्या बताया?
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने कहा, "देर रात सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्टेशन पर हंगामा कर रहे हैं। प्रशासन ने उनसे शांति बनाए रखने की अपील की थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व लगातार आपातकालीन चेन खींच रहे थे और अतिरिक्त ट्रेनों की मांग कर रहे थे, जबकि पहले से 2 ट्रेनें उपलब्ध थीं। इस वजह से पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है, सभी निर्धारित ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं।"
बयान
चश्मदीद बोले- मुश्किल से जान बचाकर भागा
घटना के वक्त मौके पर मौजूद संजय कुमार शर्मा ने दैनिक भास्कर से कहा, "शुरू में लोगों ने ट्रेनें रोक दी थीं। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए प्रशासनिक अमला पहुंचा, लेकिन भीड़ टस से मस नहीं हुई। इसी बीच, भारी हंगामा हुआ और हिंसा भड़क उठी। आप मेरी दुकान के ठीक सामने इसका नतीजा देख सकते हैं। पूरी दुकान में तोड़फोड़ की गई। अंदर बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए। मैं बमुश्किल अपनी जान बचाकर भागा, नहीं तो मेरे साथ क्या होता।"
FIR
पुलिस ने 500 पर दर्ज की FIR
पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाते हुए 500 लोगों पर FIR दर्ज की है। वहीं, 6 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। वहीं, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा, "गुस्सा बढ़ना स्वाभाविक है। यह अलग बात है कि यह जनता की ट्रेन है, जनता का पैसा है, यह ट्रेन है। हमें बर्बादी से बचना चाहिए। लोगों के मन में गुस्सा इतना बढ़ रहा है कि वे कहीं न कहीं अपना गुस्सा निकाल ही देते हैं।"