भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के परिजनों पर जमीन कब्जाने का आरोप, प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण
क्या है खबर?
लोक गायिका और भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर विवादों में घिर गई हैं। उनके परिवार पर बिहार के दरभंगा जिले में सरकारी सड़क और निजी संपत्तियों पर कब्जा करने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में खरीदी गई जमीन की घेराबंदी के दौरान सड़क और निजी जमीन के एक हिस्से पर कब्जा किया गया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने सरकारी सड़क पर बनाई गई एक दीवार को गिरा दिया है।
आरोप
मैथिली के परिजनों पर कई भूमि पर कब्जे के आरोप
यह मामला जिले के तारडीह ब्लॉक के पोखरभिंडा गांव का है। ग्रामीणों ने स्थानीय सर्कल अधिकारी के पास जाकर शिकायत की कि सरकारी सड़क, निजी भूखंडों, ग्राम देवता तिवारी बाबा की जमीन, राधाकृष्ण मंदिर, एक सामूहिक स्थल और एक नाले पर मैथिली के परिवार से जुड़े लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है।
खबर है कि मुख्यमंत्री कार्यालय और राज्य सरकार के सहयोग पोर्टल पर भी इसे लेकर शिकायत की गई थी।
कार्रवाई
जांच में सरकारी जमीन पर मिला अतिक्रमण
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 12 नवंबर को डिप्टी कलेक्टर लैंड रिफॉर्म्स (DCLR) अजय कुमार और सर्कल ऑफिसर आलोक कुमार अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और शिकायतकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में जमीन का माप करवाया।
कुमार ने कहा, "शुरुआती पैमाइश के दौरान सरकारी सड़क पर अतिक्रमण पाया गया, जिसे तुरंत हटा दिया गया है। अन्य शिकायतकर्ताओं को सर्कल ऑफिस बुलाया गया है, जहां आगे की कार्रवाई से पहले उनके दस्तावेजों और शिकायतों की जांच की जाएगी।"