
बिहार: होमगार्ड भर्ती में बेहोश हुई युवती से चलती एम्बुलेंस में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
क्या है खबर?
बिहार के बोधगया में चलती एंबुलेंस में युवती से दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती होमगार्ड भर्ती अभियान में शामिल होने गई थी और उस शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान बेहोश हो गई थी। उसे अस्पताल ले जाते समय 2 एंबुलेंस कर्मचारियों ने उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। युवती ने अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
घटना
कैसे हुई यह घटना?
बोधगया पुलिस ने बताया कि पीड़िता 24 जुलाई को होमगार्ड भर्ती अभियान में शामिल होने के लिए आई थी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ के दौरान युवती अचानक बेहोश हो गई थी। इसके बाद उसे तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल रवाना किया गया। युवती का आरोप है कि अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस चालक और स्वास्थ्यकर्मी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में अस्पताल में भर्ती करा दिया। इसके बाद युवती ने घटना की जानकारी दी।
कार्रवाई
पुलिस ने 2 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक और बोधगया के उप-मंडल पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने एम्बुलेंस से साक्ष्य एकत्र किए, CCTV फुटेज निकलवाई और पीड़िता के बयान दर्ज कर उसका मेडिकल कराया। इसके बाद पुलिस ने महज 2 घंटे में दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उन्होंने बताया गिरफ्तार आरोपी उतरेन निवासी चालक विनय कुमार और चांदपुर निवासी स्वास्थ्यकर्मी अजीत कुमार है।
हमला
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर बोला हमला
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की है। 6उन्होंने एक्स पर लिखा, 'क्या यह राक्षस राज है या मोदी-नीतीश का कुशासन।' उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके सहयोगियों की चुप्पी की कड़ी आलोचना की और इसे पूरी तरह से आपराधिक करार दिया। उन्होंने उन पर जातिवादी और पक्षपाती होने का आरोप भी लगाया, क्योंकि वे ऐसी घटनाओं के बाद भी उदासीन बने रहते हैं।