बिहार के कटिहार में बस और पिकअप की भीषण टक्कर, 13 की मौत और 32 घायल
क्या है खबर?
बिहार के कटिहार में शनिवार शाम बस और पिकअप की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई है और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 10 महिला, 2 पुरुष और एक बच्ची है। वहीं, घायलों में 8 की हालत गंभीर बनी हुई है। ये हादसा कटिहार के कोढ़ा ब्लॉक में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर हुआ। बस से टक्कर के बाद लोगों के शव सड़क पर बिखर गए।
घटना
बाइक को टक्कर मारकर भाग रहा था बस चालक
ये हादसा कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में दादपुर और बसगारा चौक के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि बस ने पहले कुछ वाहनों को टक्कर मारी और फिर चालक ने बस को तेज रफ्तार में भगाया। इसके बाद बस सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। बस की चपेट में आकर एक चार पहिया वाहन और 3 बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
मुआवजा
चश्मदीद बोले- 100 से ज्यादा थी बस की गति
दैनिक भास्कर से एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, "बस की स्पीड 100 से ज्यादा थी। उसने पहले 2 बाइक सवारों को टक्कर मारी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित होकर हमारी पिकअप से टकरा गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।" मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिवार को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की मदद का ऐलान किया है।