LOADING...
सिक्किम: नाथू ला में बड़े हिमस्खलन की चपेट में आकर 7 पर्यटकों की मौत, कई फंसे
सिक्किम के नाथू ला में हिमस्खलन की चपेट में कई पर्यटक फंसे (तस्वीर: ट्विटर/ @airnewsalerts)

सिक्किम: नाथू ला में बड़े हिमस्खलन की चपेट में आकर 7 पर्यटकों की मौत, कई फंसे

लेखन गजेंद्र
Apr 04, 2023
05:44 pm

क्या है खबर?

सिक्किम के नाथू ला में बड़े हिमस्खलन की चपेट में आकर सात पर्यटकों की मौत की खबर है। इसके अलावा कई पर्यटक अभी भी फंसे हुए हैं। हादसा मंगलवार सुबह करीब 11ः30 से 12ः20 बजे के बीच हुआ। मरने वालों में पांच पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। शाम 4ः00 बजे तक 23 पर्यटकों को बचा लिया गया था, जिनमें छह गहरी घाटी में फंसे थे। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा

हादसे के समय इलाके में मौजूद थे 150 से अधिक पर्यटक

जानकारी के मुताबिक, इलाके में पिछले एक माह से लगातार बर्फबारी हो रही है। जिस समय हिमस्खलन हुआ, उस समय इलाके में कम से कम 150 पर्यटक मौजूद थे। यहां बचाव अभियान जारी है। बचाव कार्य के एक वीडियो में फावड़े से बर्फ को हटा कर एक आधे दबे व्यक्ति को बचाते हुए देखा जा सकता है। बचाव अभियान सेना, राज्य आपदा प्रबंधन दल और पुलिस की ओर से चलाया जा रहा है।

मुसीबत

गंगटोक को नाथू ला से जोड़ने वाली रोड पर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा गंगटोक को नाथू ला से जोड़ने वाली जवाहरलाल नेहरू रोड पर 15वें मील पर हुआ। पर्यटकों को केवल 13वें मील तक जाने की इजाजत थी, लेकिन वे 15वें मील तक पहुंच गए और हिमस्खलन की चपेट में आ गए। नाथू ला के रास्ते में फंसे 350 से अधिक पर्यटकों और 80 वाहनों को भी निकाला गया है। सिक्किम पुलिस के अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में से किसी की भी पहचान नहीं हो सकी है।

ट्विटर पोस्ट

बचाव कार्य का वीडियो वायरल