रायपुर में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी और 2 बेटों को चाकुओं से गोदा, खुदकुशी का किया प्रयास
रायपुर में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 36 साल के भुनेश्वर साहू पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और 2 छोटे बेटों की हत्या करने के बाद खुदकुशी की कोशिश की।
यह खौफनाक वारदात दुमारतराई इलाके में हुई है, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग गहरे सदमे में हैं।
साहू ने परिवार पर चाकू से हमला किया
पुलिस के मुताबिक, भुनेश्वर साहू ने अपने परिवार पर चाकू से हमला किया। इस हमले में उसके 11 साल के बेटे आशीष और 8 साल के जॉन की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी 32 साल की पत्नी खीलेश्वरी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद साहू ने खुद को भी चोट पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान बच गई। फिलहाल वह पुलिस की हिरासत में है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि भुनेश्वर ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते यह भयानक कदम उठाया होगा, हालांकि इस मामले में आगे की जांच अभी जारी है।