बेंगलुरु में अब पैदल चलना हुआ आसान, 750 किलोमीटर फुटपाथों का हुआ कायापलट
देश
बेंगलुरु प्रशासन ने अपना 'सेफ फुटपाथ' अभियान पूरा कर लिया है। इसके तहत शहर के 750 किलोमीटर फुटपाथों को फिर से चलने लायक बनाया गया है। इससे पैदल चलना अब पहले से ज्यादा सुरक्षित और आसान हो गया है। मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा के नेतृत्व में करीब एक महीने तक चला यह अभियान पूरे शहर से अतिक्रमण हटाने पर केंद्रित था। खासकर मध्य बेंगलुरु में इस काम पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया।
पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई की योजना
इस कोशिश की वजह से छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए अब शहर में घूमना-फिरना ज्यादा आसान और आरामदायक हो गया है। हालांकि, यह भी ध्यान रखा गया कि दुकानदारों को ज्यादा परेशानी न हो, इसलिए फिलहाल केवल 20 प्रतिशत मुख्य सड़कों पर ही यह काम किया गया। आने वाले समय में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसमें लावारिस वाहनों और अवैध रैंपों को हटाने पर भी काम होगा।