 
                                                                                बेंगलुरु भगदड़ मामले में RCB के मार्केटिंग प्रमुख समेत 4 लोग 19 जून तक जेल गए
क्या है खबर?
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ के मामले में कोर्ट ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मार्केटिंग प्रमुख निखिल सोसले समेत 4 लोगों को 19 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने सोसले समेत इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA नेटवर्क्स के 3 अन्य स्टाफ सदस्य किरण, सुमंथ और सुनील मैथ्यू को शुक्रवार को हिरासत में लिया था। सोसले ने कर्नाटक हाई कोर्ट में याचिका दायर कर गिरफ्तारी को अवैध बताया था।
राहत
KSCA के पदाधिकारियों को मिली राहत
भगदड़ मामले में RCB और DNA नेटवर्क्स के अलावा कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के पदाधिकारियों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि, KSCA पदाधिकारी शुक्रवार को हाई कोर्ट पहुंच गए और उन्होंने राज्य सरकार और आयोजकों को जिम्मेदार बताते हुए FIR रद्द करने की मांग की थी। कोर्ट ने फिलहाल KSCA के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी अगले आदेश तक रोक दी है। हालांकि, उनको जांच में सहयोग को कहा गया है।
घटना
क्या है मामला?
IPL 2025 का खिताब RCB ने जीता, जिसका जश्न मनाने के लिए पूरी टीम बेंगलुरु आई। यहां 4 जून को विजय जूलुस निकाला गया। टीम को चिन्नास्वामी स्टेडियम जाना था, जहां 3 लाख लोग इकट्ठा थे और अंदर जाने को लेकर धक्का-मुक्की करने लगे। इससे भगदड़ मची और 11 की दबकर मौत हो गई, जबकि 47 घायल हुए। पुलिस ने RCB, KSCA और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है और जांच CID को सौंपी है।