LOADING...
बेंगलुरु: डिवाइडर से भिड़ने के बाद बस से टकराई तेज रफ्तार कार, 5 लोगों की मौत
बेंगलुरु में सड़क हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई (तस्वीर: फाइल)

बेंगलुरु: डिवाइडर से भिड़ने के बाद बस से टकराई तेज रफ्तार कार, 5 लोगों की मौत

Feb 15, 2026
02:01 pm

क्या है खबर?

बेंगलुरु में शनिवार देर रात जिंदल फ्लाईओवर के पास एक भीषण दुर्घटना घटी। वहां एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से भिड़ने के बाद पलटते हुए बस से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवो को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। उसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रैफिक सुचारू कराया। पुलिस ने रविवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।

हादसा

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

पुलिस ने बताया कि यह हादसा मदनायकनहल्ली पुलिस थाना क्षेत्र में रात करीब 11:30 बजे हुआ। तुमकुरु की ओर से आ रही एक इंडिका कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के दाहिने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार दो बार पलट गई और फिर 42 यात्रियों से भरी कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) की बस से जा टकराई। इससे कार सवार 4 युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

राहत

हादसे में सुरक्षित रहे सभी 42 बस यात्री

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद भी बस में सवार 42 यात्रियों में से कोई भी घायल नहीं हुआ। हालांकि, बस को मामूली क्षति पहुंची है। दूसरी ओर कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान डोड्डाबल्लापुर निवासी हर्षित और लिखित के रूप में हुई है। अन्य 3 मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हर्षित और लिखित निजी कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र थे।

Advertisement

कारण

क्या रहा हादसे का कारण?

हर्षित के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्तों से मिलने के लिए घर से निकला था। पुलिस को संदेह है कि तेज गति के कारण दुर्घटना हुई होगी और आगे की जांच के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है। इलाके की CCTV फुटेज भी देखी जा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा कि हादसे के समय युवकों ने शराब का सेवन कर रखा था या नहीं।

Advertisement