बेंगलुरु में 1918 के बाद सबसे सूखा रहा जुलाई का महीना, फिर भी पानी की किल्लत नहीं
बेंगलुरु के लिए जुलाई 2026 बेहद सूखा साबित हुआ। इस दौरान शहर में सिर्फ 23 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसके चलते यह 1918 के बाद से दूसरा सबसे सूखा जुलाई महीना बन गया। जानकारी के मुताबिक, 108 साल पहले रिकॉर्ड रखे जाने के बाद इतनी कम बारिश सिर्फ 1918 में ही देखी गई थी। आमतौर पर जुलाई में 80 से 100 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार यह आंकड़ा काफी कम रहा।
कम बारिश के बाद भी पानी की कमी नहीं
हालांकि, इस सूखे के बावजूद बेंगलुरु में साल भर होने वाली बारिश अभी भी ठीक-ठाक है। दरअसल, साल की शुरुआत में मानसून से पहले अच्छी-खासी बारिश हुई थी। शहर के वाटर बोर्ड के अधिकारियों ने बताया है कि शहर में अगले सात से आठ महीने के लिए पर्याप्त पानी है, इसलिए अभी घबराने की कोई जरूरत नहीं। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के अनुमान के मुताबिक, 6 से 12 अगस्त के बीच मानसून की बारिश जोर पकड़ सकती है, लेकिन शायद यह ज्यादा दिनों तक न टिक पाए। ऐसे में अगस्त से लेकर अक्टूबर की शुरुआत तक के महीने काफी अहम होंगे, जो जुलाई में हुई बारिश की कमी को पूरा कर सकते हैं।