बंगाल का युवक बेंगलुरु में गिरफ्तार, अफगानिस्तान जाकर बना रहा था पाकिस्तान पर हमले की योजना
क्या है खबर?
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पश्चिम बंगाल के एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो अफगानिस्तान जाकर पाकिस्तान पर हमले की योजना बना रहा था। आरोपी की पहचान असफुल मल्लिक के रूप में हुई है, जो उत्तर 24 परगना का निवासी है। वह दिसंबर 2025 से जिगानी औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड है। उसे हेब्बागोडी थाना क्षेत्र से एक मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
घटना
पाकिस्तान से बदला लेना चाहता था युवक
द हिंदु के मुताबिक, असफुल पाकिस्तान में मुसलमानों के खिलाफ कथित अत्याचारों के प्रतिशोध में पाकिस्तानी सेना पर आतंकवादी हमला करना चाह रहा था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पाकिस्तान में मस्जिदों और लोगों के खिलाफ कथित अत्याचारों को लेकर पाकिस्तानी सेना से नाराज था।
उसने इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष पर पाकिस्तान के रुख पर भी नाराजगी जताई है।
उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 113(3) के तहत FIR दर्ज की गई है।
दोस्ती
अफगानिस्तान में TTP सदस्य से की दोस्ती
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए अफगानिस्तान के नागरिक इमरान हैदर से दोस्ती की, जिसे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का सदस्य बताया गया है।
आरोपी ने इमरान से TTP में शामिल होने और पाकिस्तानी सेना हमले के लिए अफगानिस्तान में प्रशिक्षण लेने के लिए मदद मांगी थी।
पुलिस ने आरोपी और इमरान के बीच की चैट बरामद की है।
आरोपी अफगानिस्तान जाने के लिए वीजा बनवा रहा था, लेकिन आर्थिक दिक्कतों के कारण अपना इरादा बदल दिया।