Page Loader
बेंगलुरु हॉस्टल हत्याकांड: अभिषेक ने क्यों की कृति की नृशंस हत्या, सामने आई वजह 
बेंगलुरु में एक हॉस्टल में युवती की नृशंस हत्या कर दी गई थी

बेंगलुरु हॉस्टल हत्याकांड: अभिषेक ने क्यों की कृति की नृशंस हत्या, सामने आई वजह 

लेखन आबिद खान
Jul 27, 2024
04:10 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक हॉस्टल में क्रूर हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी को कर्नाटक पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 23 जुलाई की रात हॉस्टल में बिहार की रहने वाली 24 साल की कृति कुमारी की हत्या कर दी थी। इस घटना का दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आरोपी युवती को चाकू से मारते हुए दिखाई दे रहा था। अब हत्याकांड की वजह भी सामने आई है।

वजह

आरोपी ने क्यों की हत्या?

NDTV के मुताबिक, आरोपी अभिषेक पीड़िता कृति कुमारी की रूममेट का बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले अभिषेक की नौकरी चली गई थी। इस बात को लेकर अभिषेक और उसकी गर्लफ्रेंड में झगड़ा होता था। इससे पहले जब लड़ाई बढ़ जाती थी तो कृति बीच-बचाव करती थी। हाल ही में जब दोनों के बीच झगड़ा हुआ था तो कृति ने अपनी रूममेट को अभिषेक से दूर रहने की सलाह दी थी। इससे अभिषेक भड़का हुआ था।

घटना

क्या है घटना?

ये घटना 23 जुलाई की रात बेंगलुरु के कोरमंगला क्षेत्र में वीआर लेआउट स्थित पीजी हॉस्टल की है। रात करीब 11 बजे अभिषेक हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर कृति के कमरे में घुसा और उसे बाहर निकाला। इसके बाद गैलरी में कृति पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। कृति आरोपी से बचने की कोशिश करती दिखाई दी, लेकिन चोट लगने की वजह से खुद को संभाल नहीं सकी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

हमला

32 सेकंड में 16 बार मारे चाकू

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अभिषेक हाथ में प्लास्टिक की थैली लिए कृति के कमरे में जाता दिखाई दे रहा है। अभिषेक दरवाजा खटखटाता है और कमरे में घुस जाता है। इसके बाद अभिषेक कृति को घसीटते हुए बाहर लाता है और चाकू से कृति के गले पर वार करता है। इस दौरान कृति खुद को बचाने के लिए संघर्ष करती दिखाई दे रही है। आरोपी ने 32 सेकंड में कृति को 16 बार चाकू मारे।

पुलिस

घटना को लेकर पुलिस ने क्या बताया?

आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था और उसने मोबाइल भी बंद कर लिया था। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने कहा था कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 3 विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ था कि अभिषेक की प्रेमिका ने उसे बिना बताए हॉस्टल बदल लिया था। घटना वाले दिन अभिषेक उसी कमरे में पहुंचा, जहां पहले उसकी प्रेमिका रहती थी।