रैपिडो की सवारी पड़ी महंगी; दुर्घटना होने के बाद आया 20 लाख का खर्च, डिजाइनर ने किया मुकदमा
बेंगलुरु की 32 साल की इंटीरियर डिजाइनर सानी कृष्णा इस साल एक गंभीर हादसे का शिकार हुईं। इस एक्सीडेंट में वह बुरी तरह घायल हो गईं और अब उन्हें 20 लाख रुपये से ज्यादा के मेडिकल बिल चुकाने पड़ रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने रैपिडो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
यह हादसा बैगमने टेक पार्क के पास हुआ था। सानी का आरोप है कि उनके रैपिडो राइडर ने गलत तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर जा गिरीं। इसके बाद एक ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।
रैपिडो ने सिर्फ 1 लाख रुपये की पेशकश की
कई सर्जरी के बाद भी सानी कृष्णा अभी तक अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं हुई हैं। वह रैपिडो पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगा रही हैं। कृष्णा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर बताया कि कंपनी ने उनके कानूनी नोटिस के बावजूद उन्हें केवल 1 लाख रुपये के इंश्योरेंस की पेशकश की है।
उन्होंने रैपिडो के सुरक्षा संबंधी वादों को पूरी तरह गुमराह करने वाला बताया। सानी ने कहा, "मैं चाहती हूं कि उन्हें सिर्फ हादसे के लिए ही नहीं, बल्कि उसके बाद उनके बर्ताव के लिए भी जिम्मेदार ठहराया जाए।" उन्होंने आगे राइड-हेलिंग ऐप्स के लिए और कड़े नियम बनाने की मांग की। उनके इस वीडियो को देखकर जनता से खूब समर्थन मिला है और कई अन्य लोगों ने भी अपने ऐसे ही अनुभव साझा किए हैं।