Page Loader
बेंगलुरु: पानी की कमी के साथ अब सताने लगी गर्मी, लोग दिनचर्या बदलने को मजबूर
बेंगलुरु में पानी की कमी के चलते लोगों को मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं

बेंगलुरु: पानी की कमी के साथ अब सताने लगी गर्मी, लोग दिनचर्या बदलने को मजबूर

Apr 07, 2024
03:01 pm

क्या है खबर?

पानी की कमी से जूझ रहे बेंगलुरु की अब गर्मी ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गर्मी के कारण अब लोगों को अपनी दिनचर्या बदलनी पड़ रही है। पिछले कुछ दिनों से बेंगलुरु में दिन के समय तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जा रहा है और डर है कि यह अप्रैल, 2016 के रिकॉर्ड 39.2 डिग्री को पार कर सकता है। इस वक्त बेंगलुरु में अप्रैल के सामान्य से 3 डिग्री तक अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है।

वजह

इस वजह से बढ़ रही गर्मी 

देश की सिलिकॉन वैली कहे जाने बेंगलुरु में गर्मी बढ़ने की वजह बताते हुए मौसम वैज्ञानिक डॉ एन पुवियारासन ने कहा कि पिछले साल उत्तर-पूर्वी मानसून में बेंगलुरु में कम बारिश हुई है। सर्दी में यहां बारिश नहीं हुई थी। उन्होंने बढ़ते शहरीकरण को भी शहर के बढ़ते तापमान के पीछे का एक कारण बताया है। यहां रात का तापमान भी बढ़ गया है। नागरिकों का कहना है पिछले एक दशक में यह बदलाव तेज हुआ है।

बेंगलुरु

बेंगलुरु में क्यों हुई पानी की कमी? 

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु गंभीर जल संकट का सामना कर रही है। शहर के 3,000 से अधिक बोरवेल सूख गए हैं और पहले 500 रुपये में मिलने वाला पानी का टैंकर अब 2,000 रुपये में मिल रहा है। बारिश की कमी, शहर का अनियोजित विकास और घटते वन क्षेत्र को इसके पीछे की वजह माना जा रहा है। पानी की कमी देखते हुए सरकार ने इसके सीमित इस्तेमाल करने की सलाह दी है।