Page Loader
बेंगलुरु बंद: क्या है इसका कारण और कर्नाटक सरकार इससे निपटने के लिए कितनी तैयार?  
कर्नाटक सरकार की शक्ति योजना के विरोध में निजी वाहन एसोसिएशन ने बेंगलुरु बंद का आह्वान किया है

बेंगलुरु बंद: क्या है इसका कारण और कर्नाटक सरकार इससे निपटने के लिए कितनी तैयार?  

लेखन नवीन
Sep 11, 2023
01:33 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक में राज्य निजी वाहन मालिक एसोसिएशन ने सोमवार को 'शक्ति योजना' के विरोध में 'बेंगलुरु बंद' का आह्वान किया है। निजी परिवहन संचालकों का कहना है कि कर्नाटक सरकार की यह योजना उनके मुनाफे में सेंध लगा रही है। हड़ताल में कुल 32 निजी वाहन संचालन संघ शामिल हैं। आइए जानते हैं कि बेंगलुरु बंद का आह्वान क्यों किया गया है और राज्य सरकार की इससे निपटने की क्या तैयारी है।

क्यों बंद

क्यों बुलाया गया बंद?

निजी वाहन एसोसिएशन ने बाइक टैक्सियों पर प्रतिबंध लगाने और कर्नाटक सरकार की शक्ति योजना को निजी बस संचालकों तक विस्तारित करने की मांग को लेकर बंद का आह्वान किया है। उनका कहना है कि उन्हें इस योजना से घाटा हो रहा है क्योंकि महिलाएं अब सरकारी बसों से सफर करती हैं। उन्होंने 1,000 करोड़ रुपये का मुआवजा भी मांगा है। उनका दावा है कि राज्य सरकार ने बार-बार चर्चा के बावजूद उनकी मांगों को पूरा नहीं किया।

वाह

बंद का क्या असर रहेगा?

निजी वाहन एसोसिएशन के अध्यक्ष एस नटराज शर्मा ने कहा कि ऑटो, टैक्सी, एयरपोर्ट टैक्सी, मैक्सी कैब, मालवाहक वाहन, स्कूल वाहन, स्टेज कैरिज, कॉन्ट्रैक्ट कैरिज और कॉर्पोरेट बसों सहित लगभग 7 से 10 लाख वाहन बंद के दिन सड़कों पर नहीं दिखेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बेंगलुरु बंद के दौरान आपातकालीन सेवा वाहन जैसे एम्बुलेंस और अन्य दैनिक आवश्यक परिवहन सेवाएं प्रभावित नहीं होगी। बंद के दौरान ओला और उबर जैसी कैब सेवाएं भी उपलब्ध नहीं होंगी।

बंद

बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

बेंगलुरु में निजी बस, टैक्सी और ऑटो यूनियनों ने रविवार आधी रात से सोमवार आधी रात तक बंद का आह्वान किया है। इसे देखते हुए बेंगलुरु पुलिस ने एक ट्रैफिक एडवाइजरी की है। इसमें कहा गया है कि बेंगलुरु में टैक्सी, मैक्सी कैब, निजी बसों और ऑटो रिक्शा के संचालन में व्यवधान हो सकता है, इसलिए सभी को सलाह दी जाती है कि वे वैकल्पिक सड़कों का उपयोग करें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

परिवहन

बेंगलुरु बंद को लेकर क्या है राज्य सरकार की तैयारी?

कर्नाटक परिवहन विभाग ने बेंगलुरु में बंद से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने रविवार को कहा कि परिवहन विभाग द्वारा बंद के दिन कई बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता को किसी भी असुविधा से बचने के लिए बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (BMTC) की बसों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल, स्कूलों और कॉलेजों के मार्गों पर सरकारी बसें चलाने का निर्देश दिया है।

बस

परिवहन मंत्री ने और क्या कहा?

परिवहन मंत्री रेड्डी ने कहा, "हमने स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय जाने वाले लोगों और अस्पताल जाने वाले लोगों के लिए BMTC बसों को संचालित करने की व्यवस्था की है और लगभग 500 अतिरिक्त BMTC बसें बंद के दिन संचालित की जाएंगी।" उन्होंने कहा, "निजी वाहन एसोसिएशन ने हड़ताल का ऐलान किया है। उन्हें ऐसा करने का अधिकार है और उन्हें हड़ताल करने दीजिए। बेंगलुरु में बंद से जनता पर कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा।"

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार ने राज्य में 'शक्ति योजना' को 11 जून, 2023 को लॉन्च किया था। इसके तहत राज्य की सभी महिलाएं पूरे कर्नाटक में मुफ्त बस यात्रा कर सकती हैं। इस योजना केवल कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) और BMTC की बसों में प्रदान की गई है, लेकिन अब गैर-सरकारी बसों में भी इस योजना को लागू करने की मांग की गई है। अभी योजना का लाभ 41 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिल रहा है।