FSSAI की बड़ी कार्रवाई, त्योहारों से पहले किए गए 5 लाख से निरीक्षण में 40 हजार नमूनों में मिली मिलावट
त्योहारी सीजन आने से पहले भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाने-पीने की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। साल 2025-26 में 5.20 लाख निरीक्षण किए गए हैं, जो 2023-24 में हुए 3.57 लाख निरीक्षणों के मुकाबले कहीं ज्यादा हैं। त्योहारों की तैयारी में लोग मिठाइयां और डेयरी उत्पाद ज्यादा खरीदते हैं। इसी को देखते हुए FSSAI यह पक्का करना चाहता है कि लोगों की थाली तक पहुंचने वाला हर पकवान सुरक्षित हो।
FSSAI ने 40,023 गलत नमूने पकड़े
जांच में कुल 2.23 लाख नमूनों में से 40,023 नमूने ऐसे मिले, जो तय मानकों पर खरे नहीं उतरे। त्योहारों के दिनों में दूध, घी और पनीर जैसे उत्पादों में मिलावट का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए FSSAI ने सभी राज्यों से इन पर सख्त निगरानी रखने को कहा है। हाल ही में महाराष्ट्र में हुई छापेमारी के दौरान कुछ संदिग्ध खोया और घी जब्त किए गए हैं। FSSAI का साफ संदेश है कि त्योहारों के समय साफ-सफाई और सही जगह से सामान खरीदने का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।