असम में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी पहचान पत्र समेत पूर्वोत्तर में बड़ी साजिश का खुलासा
लेखन भारत शर्मा
असम के काछार जिले से एक बांग्लादेशी नागरिक साजिद उर्फ सैयद मियां को प्रतिबंधित संगठन हरकत-उल-जिहाद-अल-इस्लामी से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और असम राइफल्स ने उसे जीरीघाट से पकड़ा। उसके पास से कई फर्जी भारतीय पहचान पत्र और भारत व बांग्लादेश दोनों देशों की नकदी मिली है।
साजिद ने कबूला बांग्लादेशी होना
शुरुआत में साजिद ने खुद को भारतीय बताया, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेश से है। अधिकारियों का मानना है कि वह पूर्वोत्तर भारत में एक नेटवर्क खड़ा करने की फिराक में था। इसके लिए वह लोअर असम और बोडोलैंड के स्थानीय युवाओं से संपर्क साध रहा था। आरोप है कि उसने कुछ युवाओं को मणिपुर और चिरांग में हथियार चलाने की ट्रेनिंग के लिए भी भेजा था। पश्चिम बंगाल में 2024 में हुए एक धमाके से उसके संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।