अयोध्या से जनकपुर धाम जाने के लिए सरयू-कमला एक्सप्रेस में सिर्फ कंफर्म टिकट से होगी यात्रा
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस शनिवार से अपनी नियमित सेवा शुरू कर देगा। इस ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह ने 23 नवंबर को हरी झंडी दिखाकर किया है। दो पड़ोसी देशों को जोड़ने वाली पहली सीधी यात्री रेल सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेसको ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) जोन संचालित और रखरखाव करेगा। ट्रेन में फिलहाल कंफर्म टिकट वाले यात्री ही सफर कर सकेंगे।
यात्रा
टिकट बुकिंग सिर्फ जनरल कोटा में होगी
इंडियन एक्सप्रेस को ECR के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन (नंबर 15595/15596) पर सिर्फ कन्फर्म टिकट वाले यात्री सफर कर पाएंगे।
यह ट्रेन पूरी तरह आरक्षित एक्सप्रेस सर्विस के तौर पर चलेगी। कुल आरक्षित जगहों में 70 प्रतिशत एंड-टू-एंड कोटा के तहत और 30 प्रतिशत रोडसाइड कोटा के तहत दी जाएगी।
टिकट बुकिंग सिर्फ़ जनरल कोटा की मिलेगी। ट्रेन में तत्काल, प्रीमियम तत्काल, वरिष्ठ नागरिक, महिला, इमरजेंसी कोटा और RAC की सुविधा नहीं मिलेगी।
सुविधा
ट्रेन में यात्रियों को क्या मिलेगी सुविधा?
बच्चों का किराया मौजूदा नियमों के हिसाब से तय होगा। अगर अलग बर्थ लेंगे तो पूरा व्यस्क किराया और बर्थ नहीं लेंगे को बच्चों का किराया लिया जाएगा।
टिकट बुक कराते समय बच्चे का नाम, उम्र, लिंग, राष्ट्रीयता और जरूरी पहचान बतानी होगी।
हर यात्री को 2 सामान ले जाने की इजाजत होगी। फर्स्ट AC के लिए फ्री बैगेज अलाउंस 70 किलोग्राम, द्वितीय AC के लिए 50 किलोग्राम, तृतीय AC और स्लीपर क्लास के लिए 40 किलोग्राम होगा।
यात्रा
ट्रेन से जुड़ी पूरी जानकारी
ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी। हर सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी और वापसी में हर शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलेगी।
ट्रेन 604 किलोमीटर का सफर 19 घंटे में तय करेगी। ट्रेन का ठहराव मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हॉल्ट, मधुबनी और जयनगर रेलवे स्टेशनों पर होगा।
ट्रेन में AC-2 के 2 कोच, AC-3 के 3 कोच, AC-3 टियर इकॉनमी के 3 कोच, स्लीपर के 7 कोच होंगे।