राम मंदिर चंदा चोरी में गिरफ्तार 8 आरोपियों में किसके पास सबसे ज्यादा माल बरामद?
क्या है खबर?
अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले में गिरफ्तार 8 आरोपियों के ठिकानों पर पुलिस और विशेष जांच दल (SIT) ने छापा मारकर बड़ा माल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के यहां से करीब 80 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। संपत्ति के अन्य दस्तावेज मिलाकर आंकड़ा एक करोड़ रुपये से अधिक है। जांचकर्ताओं को शक है कि आरोपियों ने चंदे की रकम से संपत्ति बनाई है। आइए, जानते हैं किसके घर से कितना माल बरामद हुआ?
जांच
किसके पास से कितनी नकदी बरामद?
पुलिस ने SIT की रिपोर्ट के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में दान की गिनती करने वाले 8 कर्मचारियों अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू, मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अविनाश शुक्ला, रमा शंकर मिश्रा और करुणेश पांडे को गिरफ्तार किया है। पुलिस को अविनाश से 20.40 लाख, करुणेश से 18.07 लाख, अनुकल्प से 16.82 लाख, लवकुश से 14.25 लाख, रमा शंकर से, 7.32 लाख, मनीष से 2 लाख और टिन्नू से 1 लाख रुपये मिले हैं।
जांच
सुभाष के यहां से कोई बरामदगी नहीं दिखाई, अविनाश के भाई ने 84 लाख लौटाए
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में आठवें आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के घर से कोई बरामदगी नहीं दिखाई गई है। फिलहाल छापेमारी जारी है। वहं, अविनाश शुक्ला से जुड़ी संपत्तियों से बरामद राशि में 12 लाख रुपये शुक्ला के कमरे से बरामद हुए हैं। करीब 84 लाख रुपये उनके भाई ने पिछले सप्ताह राम मंदिर ट्रस्ट को लौटा दिया है। अविनाश शुक्ला के पास से 900-1000 डॉलर (लगभग 95,420 रुपये) की विदेशी मुद्रा बरामद की गई है।
जांच
लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के आवास पर लगातार छापा
आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के बारे में जांच टीमों को बड़ी जानकारी मिली है, जिसमें घर और जमीन खरीदने की बात शामिल है। 10 से 15,000 के वेतन में लवकुश के पास से 23 लाख रुपये का घर, अनुकल्प के पास से 65 लाख रुपये का घर और फॉर्म हाउस मिला है। अनुकल्प और लवकुश रिश्तेदार हैं और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा के परिवार के हैं। अनिल ने पिछले सप्ताह ट्रस्टी पद से इस्तीफा दिया है।