अयोध्या के वकीलों ने चंपत राय के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की, विरोध-प्रदर्शन करेंगे
क्या है खबर?
अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले में एक बड़ा मोड़ सामने आया है। यहां के वकीलों ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव रहे चंपत राय के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। अयोध्या बार एसोसिएशन ने कहा कि वे गुरुवार को राम जन्मभूमि पुलिस स्टेशन में चंपत के अलावा ट्रस्ट सदस्य डॉ अनिल मिश्रा और विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव के खिलाफ शिकायत देंगे। वकील सुबह 11 बजे अदालत परिसर से पुलिस स्टेशन तक मार्च निकालेंगे।
शिकायत
नामजद व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर बड़ा आंदोलन
बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस FIR दर्ज करने से इनकार करती है, तो वह अदालत से निर्देश मांगेगी। इसके लिए हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर हो सकती है। एसोसिएशन का कहना है कि पुलिस और सरकार अगर नामजद व्यक्तियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है तो वकीलों का बड़ा आंदोलन होगा। बता दें, एसोसिएशन ने पिछले दिनों बैठक कर किसी आरोपी के पक्ष में मुकदमा न लड़ने का फैसला लिया था।
बैठक
6 जुलाई को होगी ट्रस्ट की बैठक
चंदा चोरी के विवाद के बीच राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक 6 जुलाई को होने वाली है, जिसमें चंपत राय और अनिल मिश्रा के भविष्य पर फैसला होगा। उन्होंने पद से हटाने के लिए ट्रस्ट के 12 सदस्यों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। कई अन्य निर्णय लिए जा सकते हैं। संभावना है कि दिनेश चंद्र और बजरंग लाल बंगरा सहित विश्व हिंदू परिषद (VHP) के वरिष्ठ नेता विशेष अतिथि के रूप में बैठक में शामिल हो सकते हैं।
जांच
SIT को 15 दिन का अतिरिक्त समय
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब चंदा चोरी की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) को राज्य सरकार ने गंभीरता और गहनता से जांच करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। जांचकर्ता मामले में आउट सोर्सिंग एजेंसियों और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की स्थानीय शाखा की भी जांच कर रहे हैं। साथ ही आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों का आकलन हो रहा है, ताकि आरोप साबित होने पर उनकी संपत्तियों से वसूली हो।