Loading...
गॉल टेस्ट: प्रभात जयसूर्या ने श्रीलंका में खेलते हुए अपने 100 विकेट पूरे किए, जानिए आंकड़े 
प्रभात जयसूर्या ने लिए 4 विकेट (तस्वीर: एक्स/@ICC)

गॉल टेस्ट: प्रभात जयसूर्या ने श्रीलंका में खेलते हुए अपने 100 विकेट पूरे किए, जानिए आंकड़े 

Aug 17, 2026
11:25 am

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने भारतीय क्रिकेट टीम की पहली पारी में 4 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने एक अहम उपलब्धि हासिल की। दरअसल, उन्होंने घर पर खेलते हुए अपने 100 विकेट पूरे किए। वह श्रीलंका में खेलते हुए टेस्ट विकेटों का शतक लगाने वाले कुल 5वें गेंदबाज बने। उनकी उम्दा गेंदबाजी के बावजूद भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी 

बेहतरीन रही जयसूर्या की गेंदबाजी 

गॉल टेस्ट में जयसूर्या श्रीलंका के सबसे शानदार गेंदबाज रहे, जिन्होंने 39 ओवर में 109 रन देते हुए 4 विकेट लिए। उन्होंने 2 मेडन ओवर भी फेंके।

इस स्पिनर ने पहले दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल (16) का अहम विकेट लेकर अपना खाता खोला था।

इसके बाद उन्होंने देवदत्त पडिक्कल (167), ध्रुव जुरेल (51) और मानव सुथार (24) को अपना शिकार बनाया।

उनके अलावा केशरा नुवान्था और फर्नांडो ने भी क्रमशः 3/175 और 2/63 के आंकड़े दर्ज किए।

सूची 

इस विशेष सूची में शामिल हुए जयसूर्या 

क्रिकइंफो के अनुसार, प्रभात ने अब अपने घरेलू मैदान पर खेले गए 15 टेस्ट मैचों में 27.26 की औसत से कुल 100 विकेट पूरे कर लिए हैं।

उनके नाम कुल 11 बार एक पारी में पांच विकेट, चार बार चार विकेट और एक मैच में 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड है।

वह मुथैया मुरलीधरन (493), रंगना हेराथ (278), चमिंडा वास (180) और दिलरुवान परेरा (108) जैसे खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं।

ADVERTISEMENT