दिल्ली की मतदाता सूची में चौंकाने वाला खुलासा, जिंदा लोगों को घोषित किया गया मृत
दिल्ली में कई लोग यह देखकर हैरान रह गए कि मतदाता सूची में उन्हें 'मृत' या 'अनुपस्थित' दिखाया गया है। जबकि ये सभी लोग बिल्कुल ठीक हैं और उनमें से कुछ तो पहले भी वोट डाल चुके हैं। मालवीय नगर की 71 साल की विरमा और सुल्तानपुर माजरा के 36 साल के कांता प्रसाद ऐसे ही कुछ नाम हैं, जो इस समस्या से जूझ रहे हैं। इस गंभीर गड़बड़ी के बाद 'वोटर अधिकार मंच' नाम के एक सक्रिय समूह ने मांग की है कि SIR के मौजूदा स्वरूप को वापस लिया जाए। उनकी मांग है कि 2025 के विधानसभा चुनावों के लिए उस पुरानी वोटर लिस्ट को ही बहाल किया जाए, जिसका स्थानीय ऑडिट हो चुका है।
दिल्ली CEO ने फॉर्म 6 भरने की अंतिम तारीख बताई
दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) ने बताया है कि जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं, वे 30 सितंबर तक 'फॉर्म 6' भरकर दोबारा नाम जुड़वा सकते हैं। 4 नवंबर को मतदाता सूची की अंतिम सूची जारी की जाएगी। चुनाव आयोग की मौजूदा ड्राफ्ट सूची के अनुसार, 47.56 लाख नामों को हटाकर उन्हें ASDD कैटेगरी में डाला गया है, जबकि 97.53 लाख नए नाम ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल किए गए हैं। ऐसे में अगर आप अगले चुनाव में अपना वोट डालना चाहते हैं, तो अपनी वोटर लिस्ट में अपना नाम जरूर जांच लें।