मुंबई एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
मुंबई एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने 19 और 20 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में दो यात्री और एक तीसरी पार्टी का कर्मचारी शामिल है।
ये सभी 2.317 किलोग्राम विदेशी मूल के 24 कैरेट सोने के बार को चोरी-छिपे एयरपोर्ट के रास्ते लाने की कोशिश कर रहे थे। जब्त किए गए इस सोने की कीमत लगभग 3.47 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
DRI कर रहा एयरपोर्ट से सोने की तस्करी के नेटवर्क की जांच
एक खुफिया जानकारी मिलने के बाद, अधिकारियों ने कस्टम एक्ट के तहत इस सोने को जब्त कर लिया। जांच के दौरान पता चला कि यह गिरोह लंबे समय से एयरपोर्ट के रास्ते अवैध सोने के बार की तस्करी कर रहा था।
DRI का कहना है कि वे इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों का पता लगाने के लिए गहराई से जांच कर रहे हैं। एजेंसी ने यह भी साफ किया है कि संगठित तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।