दिवाली की रात दिल्ली में अग्निशमन विभाग को मिली 281 इमरजेंसी कॉल, बुझाते समय 5 दमकलकर्मी घायल
देश
दिवाली की रात दिल्ली के अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को खूब मशक्कत करनी पड़ी। शहरभर में आग बुझाते समय दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के कम से कम 5 कर्मचारी घायल हो गए।
नंगली सकरावती में आग बुझाते वक्त स्टेशन अधिकारी नवीन ठाकरान के हाथ जल गए। उन्हें ठीक होने में करीब एक हफ्ता लगेगा। वहीं, लिबासपुर में एक गोदाम की आग बुझाने के दौरान सीता राम का हाथ टूट गया। दीपक, मनोज और मनजीत भी अलग-अलग इमरजेंसी कॉल पर घायल हुए।
दिल्ली के अग्निशमन कर्मियों ने संभाली 281 इमरजेंसी कॉल
8 नवंबर की शाम 6 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक DFS ने आग से जुड़ी कुल 281 इमरजेंसी कॉल संभालीं।
इनमें नरेला में फैक्टरी में लगी आग से लेकर सफदरजंग फ्लाईओवर के नीचे लगी बड़ी आग तक शामिल थी। पिछले साल के मुकाबले इस बार ये आंकड़े थोड़े कम रहे, फिर भी शहर के अग्निशमन दलों के लिए यह एक बेहद व्यस्त रात थी।