भिखारी के वेश में 55 करोड़ रुपये का सोना, असम पुलिस ने दबोचा शातिर तस्कर
गुवाहाटी में सोने की बड़ी खेप पकड़े जाने से तस्करी के मामले में पूर्वोत्तर भारत सुर्खियों में आ गया है। असम पुलिस ने अक्षय बंसोड़े नाम के एक शख्स को पकड़ा है, जो दिव्यांग भिखारी होने का नाटक कर रहा था। उसके पास से 37 किलो सोने की ईंटें मिली हैं, जिनकी कीमत करीब 55 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह असम पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है और इससे यह भी पता चलता है कि तस्कर अब कैसे-कैसे नए तरीके अपना रहे हैं।
भारत-म्यांमार सीमा का फायदा उठा रहे तस्कर
जानकारी के अनुसार, तस्कर भारत में सोना लाने के लिए भारत-म्यांमार की खुली सीमा और पुराने रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। अब ये इलाके सिर्फ आने-जाने का रास्ता नहीं रहे, बल्कि पूर्वोत्तर भारत अब एक भंडारण केंद्र भी बनता जा रहा है, जहां सोने की खेप को आगे भेजने से पहले दोबारा पैक किया जाता है। तस्करों के इन नए पैंतरों ने स्थानीय पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, क्योंकि उन्हें इन नए तरीकों और अंतरराष्ट्रीय गिरोहों से निपटने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।