असम के कोकराझार में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेल टैंकर पलटा, लगी भीषण आग
क्या है खबर?
असम के कोकराझार जिले में मंगलवार दोपहर बाद बड़ा हादसा हो गया। यहां गोसाईगांव क्षेत्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) पर तेल से भरा एक टैंकर वाहन पलट गया। हादसे के बाद ईंधन सड़क पर फैल गया, जिससे मौके पर भीषण आग लग गई। इस दौरान धुएं और आग का गुबार उठता दिखा। अग्निशमन दल और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आग को बुझाने का प्रयास किया।
आग
कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, तेल से भरा टैंकर वाहन पुल की रेलिंग से टकराने के बाद पलटा था, जिससे ईंधन सड़क पर फैल गया। पुलिस का कहना है कि टैंकर रेलिंग से कैसे टकराया, इसकी जांच की जा रही है। संभावना है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ होगा। अभी चालक के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। मौके पर अग्निशमन दल के कर्मचारी तैनात हैं।
बाधा
राजमार्ग पर यातायात रोका गया
हादसे के बाद टैंकर का ईंधन सड़क पर फैल गया, जिससे हादसा होने की संभावना बढ़ गई है। इसे देखते हुए राजमार्ग के दोनों तरफ यातायात रोक दिया गया है। आग बुझाने के बाद वाहनों को रवाना किया जाएगा। यातायात रोकने से राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार दिख रही है, जिससे पूर्वोत्तर के कई राज्यों को जोड़ने वाला NH-27 बाधित है। हादसे के समय टैंकर वाहन में चालक और उसका सहायक बैठे थे। अभी उनकी कोई जानकारी नहीं है।
ट्विटर पोस्ट
हादसे का वीडियो
#WATCH कोकराझार, असम: कोचुगांव में एक तेल टैंकर में भीषण आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। pic.twitter.com/utJDJLqIJz
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 17, 2026