असम में बिहू नृत्य दल पर हमला, अब तक 17 गिरफ्तार
असम के श्रीभूमि जिले में 23 अक्टूबर को दुर्गा पूजा विसर्जन के जुलूस के दौरान बिहू नृत्य दल पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में 17 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए और बजरंग दल से जुड़े होने का दावा किया। हालांकि, बाद में संगठन ने इस घटना से किसी भी संबंध से इनकार कर दिया। यह घटना तब घटी जब 'क्लब हिंदुस्तान' ने अपने विसर्जन समारोह में इस नृत्य दल को शामिल किया था।
BNS के तहत FIR दर्ज
पुलिस ने हत्या के प्रयास और सांप्रदायिक नारे लगाने के आरोपों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत FIR दर्ज की है। शुरुआती 13 लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस डिजिटल सबूतों की मदद से और संदिग्धों की पहचान करने व उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा बिस्वा ने इस हमले को बेहद परेशान करने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा, "श्रीभूमि में बिहू दल पर हमले की खबर बेहद परेशान करने वाली और दुर्भाग्यपूर्ण है। बिहू असम की आत्मा, हमारा गौरव और हमारी पहचान है। हम अपनी संस्कृति और विरासत का कोई अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। मैंने असम पुलिस के महानिदेशक (DGP) को जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।" मुख्यमंत्री ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने की अपील भी की।