अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बोले- सियांग बांध परियोजना पर पहले जनता की सुनेंगे
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा है कि विशाल सियांग अपर मल्टीपरपज प्रोजेक्ट (SUMP) पर आम जनता से बातचीत किए बिना आगे नहीं बढ़ा जाएगा।
सरकार अभी इसकी शुरुआती रिपोर्ट तैयार कर रही है और बातचीत के लिए आदि बाने केबांग (ABK) की युवा शाखा और आदि स्टूडेंट्स यूनियन (AdiSU) को बुलाना शुरू कर दिया है।
खांडू का मकसद सियांग इलाके के लोगों से सीधे बात करके सभी तरह की गलतफहमियों को दूर करना है।
आदि समुदाय को सियांग बांध के प्रभावों का डर
आदि समुदाय के कई लोग इस 11,200 मेगावाट के बांध के कारण अपनी जमीन छिनने, विस्थापित होने और पर्यावरण को होने वाले संभावित नुकसान को लेकर चिंता में हैं। अक्टूबर महीने में विरोध प्रदर्शन काफी उग्र हो गए थे, जिसके चलते कुछ झड़पें भी हुईं और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।
स्थानीय संगठनों की मांग है कि सर्वे का सारा काम रोक दिया जाए और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी केस वापस लिए जाएं। सरकार का कहना है कि वह सबकी बात सुन रही है और कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले हर किसी की राय जानना चाहती है।