Page Loader
फेनी से अब तक 12 लोगों की मौत, सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी जाएंगे ओडिशा

फेनी से अब तक 12 लोगों की मौत, सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी जाएंगे ओडिशा

May 04, 2019
03:05 pm

क्या है खबर?

शुक्रवार सुबह ओडिशा के तट से टकराए चक्रावाती तूफान फेनी से लगभग 12 लोगों की मौत हो गई और 1,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। शुक्रवार को आए इस तूफान ने ओडिशा के 12 जिलों की रफ्तार पर लगभग ब्रेक लगा दिया था। हालांकि, अभी तक तीन मौतों की आधिकारिक पुष्टि हुई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीवार, पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से लगभग एक दर्जन लोग मारे गए हैं।

असर

बिजली और संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित

फेनी के ओडिशा के पुरी तट से टकराने के दौरान यहां 200 किलोमीटर प्रति घंटे से तेज रफ्तार पर हवाएं चल रही थी। इससे भुवनेश्वर, बालासोर, जाजपुर और नयागढ़ जिले बुरी तरह प्रभावित हुए थे। तूफान की चपेट में आने से सैंकड़ों किलोमीटर लंबी बिजली की लाइनें और मोबाइल टॉवर नष्ट हो गए। इस वजह से राज्य में कम्यूनिकेशन की व्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। लाखों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए जाने से नुकसान काफी कम हुआ है।

जानकारी

कोलकाता की तरफ बढ़ा फेनी

शनिवार सुबह चक्रवात फेनी कमजोर होकर कोलकाता की तरफ बढ़ रहा था। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सुबह 5:30 बजे यह कोलकाता से उत्तर-पश्चिम की ओर 60 किलोमीटर दूर था।

मदद

सोमवार को ओडिशा जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को हालात का जायजा लेने के लिए ओडिशा जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने जानकारी दी कि उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से बात की है और उन्हें अस स्थिति से निपटने के लिए केंद्र के समर्थन का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरा देश अलग-अलग हिस्सों में तूफान से प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है। बता दें, केंद्र ने तूफान से प्रभावित राज्यों के लिए 1,000 करोड़ की मदद राशि जारी की है।

जानकारी

एयर इंडिया मुफ्त में लेकर जाएगी मदद

एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि अगर कोई NGO या सहायता समूह आदि ओडिशा के तूफान प्रभावित इलाकों में कोई मदद पहुंचाना चाहते हैं तो एयर इंडिया इसे मुफ्त में पहुंचाएगी।

एयरपोर्ट

भुवनेश्वर एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू

तूफान को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने 2 मई की रात से भुवनेश्वर एयरपोर्ट को बंद कर दिया था। यहां लैंड करने और यहां से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स को रोक दिया गया था। शनिवार को दोपहर 1 बजे से यहां उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो गई है। फेनी से भुवनेश्वर एयरपोर्ट को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं रेलवे ने इन इलाकों में ट्रेनों की आवाजाही शुरू नहीं की है।

पश्चिम बंगाल

ममता बनर्जी ने रद्द किए चुनावी कार्यक्रम

ओडिशा के बाद फेनी पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहा है। इसे देखते हुए ममता बनर्जी ने अगले 48 घंटों तक अपने सभी चुनावी कार्यक्रम और सभाएं रद्द कर दी हैं। ममता अगले दो दिनों तक राज्‍य के तटीय इलाके खड़गपुर में रहेंगी और स्थिति पर नजर रखेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हालातों पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने ट्विटर पर लोगों से सावधान रहने, अपना ध्यान रखने और अगले दो दिनों तक सुरक्षित रहने की अपील की।