LOADING...
लेह में सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, 3 जवान बचे; मलबे के साथ मेजर जनरल की सेल्फी वायरल
लेह में सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, मेजर जनरल की सेल्फी वायरल हुई

लेह में सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, 3 जवान बचे; मलबे के साथ मेजर जनरल की सेल्फी वायरल

लेखन आबिद खान
May 23, 2026
12:24 pm

क्या है खबर?

लद्दाख के लेह के पास एक पहाड़ी इलाके में सेना का चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। घटना में भारतीय सेना के 3 अधिकारी बाल-बाल बच गए। ये घटना 20 मई की है, जिसकी पुष्टि आज की गई है। हेलीकॉप्टर में एक लेफ्टिनेंट कर्नल, एक मेजर और एक मेजर जनरल सवार थे। घटना के बाद मेजर जनरल ने हेलीकॉप्टर के मलबे और अपने 2 साथियों के साथ सेल्फी ली, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।

घटना

सेना ने दिए जांच के आदेश

घटना के वक्त लेफ्टिनेंट कर्नल और मेजर हेलीकॉप्टर को उड़ा रहे थे, जबकि तीसरी इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सचिन मेहता बतौर यात्री उसमें सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि तीनों को मामूली चोटें आई हैं और उन्होंने इस घटना को किसी चमत्कार से कम नहीं बताया। घटना के बाद तीनों जवान खुद ही मलबे से निकलकर बाहर आ गए। सेना ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

दुर्घटनाएं

लगातार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं चीता हेलीकॉप्टर

1970 के दशक से भारतीय सेना में सेवा दे रहे चीता हेलीकॉप्टर हाल ही में कई दुर्घटनाओं का शिकार हुए हैं। इनका इस्तेमाल 1984 में सियाचिन ग्लेशियर में पाकिस्तानी सैनिकों से लड़ने के लिए चलाए गए 'ऑपरेशन मेघदूत' में भी हुआ था। सेना अब चरणबद्ध तरीके से इन हेलीकॉप्टरों को सेवा से हटाने का काम कर रही है। इनकी जगह नौसेना के यूटिलिटी हेलीकॉप्टरों को शामिल किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में कई साल लग सकते हैं।

Advertisement