तमिलनाडु: सेना के जवान की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी DMK पार्षद घटना के बाद से फरार
क्या है खबर?
तमिलनाडु के कृष्णागिरी में एक सेना के जवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस सत्ताधारी पार्टी द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के एक पार्षद को तलाश कर रही है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है।
इन दोनों लोगों में पानी की टंकी पर कपड़ा धोने को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद आरोपी DMK पार्षद चिन्नासामी ने कुछ लोगों के साथ मिलकर जवान और उसके छोटे भाई पर हमला किया।
घटनाक्रम
क्या है पूरा मामला?
घटना 8 फरवरी को पोचमपल्ली इलाके की है। भारतीय सेना के 33 वर्षीय जवान प्रभाकरण और 50 वर्षीय चिन्नासामी के बीच पानी की टंकी पर कपड़े धोने को लेकर मामूली विवाद हुआ था।
चिन्नासामी नाजौनाहल्ली नगर पालिका से पार्षद हैं और वह जवान को घर के पास टंकी पर कपड़े धोने से मना कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी गहमागहमी हो गई।
इसके बाद पार्षद ने जवान के घर में घुसकर मारपीट की।
मामला
पुलिस तहरीर में क्या था?
नगरसमपट्टी पुलिस को जवान के भाई प्रभु ने बताया कि आरोपी पार्षद ने अपने बेटों और अन्य के साथ मिलकर 8 फरवरी की रात को उनके घर पर धावा बोल दिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनके फौजी भाई पर हमला कर दिया। जब उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा।
इस हमले में जवान को गंभीर चोटें आईं और बीते मंगलवार अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आरोपी
हमले में कौन-कौन था शामिल?
नगरसमपट्टी पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपियों में चिन्नासामी और उसके दो बेटे राजापंडी और गुरू सूर्यमूर्ति के अलावा रिश्तेदार मणिकंदन, वेदिअप्पन, मधैयन और गुनानिथि शामिल हैं। इन आरोपियों ने प्रभाकरण और उसके भाई प्रभु पर लाठी-डंडों और लोहे की छड़ों से हमला किया था।
आरोपियों में शामिल चिन्नासामी का बेटा गुरू सूर्यमूर्ति केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कांस्टेबल है और इन दिनों चेन्नई में तैनात है।
पुलिस
छह आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
प्रभु की शिकायत के आधार पर नगरसमपट्टी पुलिस ने हमले के मुख्य आरोपी के दोनों बेटों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 307 (हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पार्षद इस घटना के बाद से ही फरार चल रहा है। उसकी धरपकड़ के प्रयास किये जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।