गाने के बोल ने ली सिंगर की जान, अंकित बालियान हत्याकांड में 2 बदमाश ढेर
हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की 26 अगस्त को उत्तर प्रदेश के शामली में एक जिम के बाहर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि उनकी हत्या का संबंध गैंगस्टर जितेंद्र मान (गोगी) की 2021 में रोहिणी कोर्ट में हुई हत्या से जुड़े एक गाने से है। गाने के बोल से गोगी का गैंग नाराज था, क्योंकि गैंग को लगा कि गाने में उनके विरोधी टिल्लू ताजपुरिया का साथ दिया जा रहा है।
पुलिस मुठभेड़ में 2 संदिग्ध ढेर
गोगी के गैंग ने अंकित बालियान को ऐसा गाना न बनाने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह नहीं माने। शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, गैंग के लोग हमला करने से पहले से ही अंकित पर नजर रखे हुए थे। बाद में 31 अगस्त को पुलिस ने दो संदिग्धों को मुठभेड़ में मार गिराया, जब उन्होंने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की। मामले का मुख्य साजिशकर्ता राहुल उर्फ भोला अभी भी फरार है। उसने स्नैपचैट के जरिए शूटरों के साथ तालमेल बिठाया था। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि अगर उनके पास कोई जानकारी हो तो वे मदद करें।