आंध्र प्रदेश में 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूर्ण प्रतिबंध की तैयारी!
आंध्र प्रदेश सरकार 13 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने पर विचार कर रही है। वहीं, 13 से 16 साल के किशोरों के लिए कुछ खास और कड़े नियम बनाने की तैयारी है। इसके लिए सरकार डिजीलॉकर पर आधारित 'एज टोकन' का इस्तेमाल करेगी, ताकि सही उम्र वाले लोग ही इन प्लेटफॉर्म्स का उपयोग कर सकें। इस पूरे कदम का मकसद छोटे बच्चों को ऑनलाइन मिलने वाले गलत और नुकसानदेह कंटेंट से बचाना है।
बिग टेक कंपनियों से बातचीत को चंद्रबाबू नायडू का समर्थन
इस पहल के लिए एक खास टीम कानूनी ढांचा तैयार करने में जुटी है, जिसे ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के नियमों से प्रेरणा मिली है। इसी कड़ी में मेटा और गूगल जैसी बिग टेक कंपनियों के साथ भी बेहतर 'एज चेक' सिस्टम के लिए बातचीत जारी है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस कदम का पूरा समर्थन किया है। इस पूरी योजना में स्कूलों में 'ऑनलाइन सुरक्षा' से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम चलाना भी शामिल है। सरकार को उम्मीद है कि आंध्र प्रदेश का यह तरीका बाकी राज्यों के लिए भी एक मिसाल बन सकता है।