
आंध्र प्रदेश के गोदावरी में नक्सलियों के खिलाफ चला संयुक्त अभियान, 2 बड़े माओवादी नेता ढेर
क्या है खबर?
आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में बुधवार को नक्सलियों के खिलाफ बड़ा संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें 2 वरिष्ठ माओवादी नेता मारे गए हैं। यह अभियान बुधवार तड़के मारेदुमिल्ली वन क्षेत्र में आंध्र प्रदेश ग्रेहाउंड्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से चलाया गया था। मृतक माओवादियों में 2 महिला नेता भी शामिल हैं। सभी पर बड़ा इनाम घोषित किया गया था।
अभियान
मारे गए माओवादी कौन-कौन हैं?
मृतकों में माओवादी केंद्रीय समिति के सदस्य और आंध्र-ओडिशा बॉर्डर स्पेशल जोनल कमेटी (AOBSZC) के सचिव गजरला रवि उर्फ उदय, पूर्वी डिवीजन सचिव रावी वेंकट लक्ष्मी चैतन्य उर्फ अरुणा और कैडर अंजू शामिल हैं। गजरला रवि को उदय, गणेश, बिरुसु नाम से भी जानते हैं। वह तेलंगाना के भूपालपल्ली के वेलिशला गांव का निवासी है। उस पर 25 लाख रुपये का इनाम था। वह 2004-05 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के साथ शांति वार्ता में भाग ले चुका है।
झटका
रवि और अरुणा की मौत बड़ा झटका
पुलिस ने बताया कि रवि गुरिल्ला युद्ध रणनीति और IED तैनाती में विशेषज्ञ था। उसे शुगर भी था। अरुणा, मारे गए केंद्रीय समिति के सदस्य चलपति की पत्नी थी। वह विशाखापत्तनम के करकवाणी पालम की निवासी थी। उस पर 20 लाख रुपये का इनाम था। अरुणा माओवादी महिला इकाई और सैन्य समन्वय में प्रमुख भूमिका निभा चुकी थी। रवि और अरुणा की मौत AOBSZC के लिए बड़ा झटका है, जो प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की सक्रिय क्षेत्रीय शाखा है।
अभियान
अभियान के दौरान 16 माओवादी देखे गए थे
पुलिस ने बताया कि अल्लुरी सीतारमा राजू जिले के मारेडुमिली और रामपचोदावरम के बीच किंटुकुरु गांव के पास करीब 25 मिनट तक गोलीबारी हुई थी। इलाके में 16 माओवादी समूह में देखे गए थे, लेकिन गोलीबारी होते ही अधिकतर भाग खड़े हुए। बाद में जंगल से 3 शव बरामद किए गए। उधर, छत्तीसगढ़ सीमा के पास सुकमा जिले में एक मुठभेड़ में 2 और माओवादी ढेर हुए हैं। अभी अभियान जारी है। अभियान से आंध्र-ओडिशा-छत्तीसगढ़ में माओवादी नेतृत्व बेअसर होगा।