पति की जान की दुश्मन निकली पत्नी, भाजपा नेता की हत्या की साजिश का पुलिस ने किया खुलासा
आंध्र प्रदेश पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष मुनिराज्जू की पत्नी से जुड़ी हत्या की एक बड़ी साजिश का खुलासा किया है। यह मामला तब सामने आया जब पिछले साल सितंबर में मुनिराज्जू की मोटरसाइकिल में आग लगाई गई थी। पहले इसे सिर्फ आगजनी का मामला माना गया, लेकिन जांच में अधिकारियों को ऐसे सबूत मिले जिनसे पता चला कि मुनिराज्जू की पत्नी, प्रशांत, किसी गहरी साजिश में शामिल थी।
मुनिराज्जू की पत्नी 5 संदिग्धों के साथ पकड़ी गई
CCTV फुटेज की पड़ताल से पुलिस पांच संदिग्धों तक पहुंची, जिन्होंने बाइक जलाने की बात कबूल कर ली। आगे की जांच में पता चला कि प्रशांत का उन संदिग्धों में से एक साई के साथ गहरा संपर्क था। प्रशांत अपने पति की हर गतिविधि की जानकारी साई को देती थी और आरोप है कि उसने कई बार मुनिराज्जू पर हमला करने की साजिश रची थी। हालांकि, मुनिराज्जू पर कोई जानलेवा हमला नहीं हो पाया। फिलहाल, पुलिस ने सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।