हिमश्री बोरो की संदिग्ध मौत: SIT जांच शुरू, दोस्त को बताई थी 'छेड़छाड़' की कहानी
आंध्र प्रदेश पुलिस ने हिमश्री बोरो की मौत की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। हिमश्री असम की रहने वाली एक छात्रा थी, जिसका शव 7 अक्टूबर को श्रीकाकुलम में रेलवे ट्रैक के पास मिला था।
यह टीम सुराग जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉड और ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। स्थानीय पुलिस प्रमुख खुद इस जांच पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।
हिमश्री बोरो ने दोस्त को गलत व्यवहार की जानकारी दी थी
हिमश्री, जो B.B.A. की छात्रा थी, अपने डांस ग्रुप के साथ विशाखापत्तनम गई थी। घर वापस जाने वाली उसकी ट्रेन छूट गई थी, तो दोस्तों की मदद से वह विवेक एक्सप्रेस में सवार हुई।
लापता होने से पहले, उसने अपनी कॉलेज की दोस्त ज्योति चौधरी से फोन पर बात की थी और बताया था कि कुछ लड़कों ने उसके साथ गलत व्यवहार किया है। शिकायत मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने हिमश्री की तलाश भी की, लेकिन शुरुआत में उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में, उसका सामान ट्रेन के एक कोच से बरामद हुआ।