Page Loader
अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर पवन कल्याण बोले- कानून सबके लिए बराबर, पुलिस का दोष नहीं
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर बयान दिया (तस्वीर: एक्स/@APDeputyCMO)

अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर पवन कल्याण बोले- कानून सबके लिए बराबर, पुलिस का दोष नहीं

लेखन गजेंद्र
Dec 30, 2024
06:27 pm

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और मशहूर दक्षिण अभिनेता पवन कल्याण ने चर्चित फिल्म 'पुष्पा' के अभिनेता अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा मामला था जिसे आसानी से सुलझाया जा सकता था, लेकिन मामला बिगड़ गया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि थिएटर में घटना से पहले या बाद में क्या हुआ, लेकिन वह ऐसी घटनाओं में पुलिस को दोष नहीं देते, क्योंकि वे सबसे पहले सुरक्षा के बारे में सोचते हैं।

बयान

आगे क्या बोले कल्याण?

कल्याण ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "लोग फिल्मी हीरो के लिए प्यार और समर्थन दिखाते हैं। जब उन्हें पता चलता है कि कोई हीरो आ रहा है, तो प्रशंसक स्वाभाविक रूप से उत्साहित हो जाते हैं।" उन्होंने कहा, "कर्मचारियों को अल्लू अर्जुन को पहले ही इस बारे में बता देना चाहिए था। जब वह जाकर बैठ गए, तो उन्हें घटना के बारे में बताना चाहिए था। अगर अर्जुन की ओर से कोई पीड़ितों के घर जाता तो बेहतर होता।"

बयान

अल्लू अर्जुन को अपराधी बनाना सही नहीं- कल्याण

कल्याण ने कहा, "अगर हम अपने प्रशंसकों का अभिवादन नहीं करेंगे, तो लोग उस अभिनेता के बारे में किस तरह की भावना रखेंगे? अल्लू अर्जुन भी उस व्यक्ति का दर्द महसूस करते हैं जिसकी जान चली गई।" उन्होंने कहा कि सिनेमा एक टीम है...हर कोई इसमें शामिल है। यहां, अल्लू अर्जुन को एकमात्र अपराधी बना दिया गया है। मुझे नहीं लगता कि यह सही है। कल्याण ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की नीतियों की प्रशंसा की है।