LOADING...
आंध्र प्रदेश के सांसद ने किया तीसरे बच्चे को जन्म पर 50,000 रुपये देने का ऐलान
आंध्र प्रदेश के सांसद ने किया तीसरे बच्चे के जन्म पर 50,000 रुपये देने का ऐलान किया

आंध्र प्रदेश के सांसद ने किया तीसरे बच्चे को जन्म पर 50,000 रुपये देने का ऐलान

Mar 09, 2025
07:55 pm

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की ओर से परिवारों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहन देने की वकालत करने के बीच विजयनगरम से तेलुगु देशम पार्टी (TDP) सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने राज्य की महिलाओं को तीसरे बच्चे को जन्म देने पर 50,000 रुपये देने की घोषणा की है। इसी तरह, उन्होंने बेटे के जन्म पर एक गाय देने का भी ऐलान किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।

घोषणा

सांसद ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर की घोषणा

सांसद कालीसेट्टी ने शनिवार को विजयनगरम के राजीव स्पोर्ट्स कंपाउंड में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक बैठक में यह घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं को यह राशि अपने वेतन से देंगे। TDP नेता और कार्यकर्ता अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस घोषणा को पोस्ट कर रहे हैं। महिलाएं भी इस ऐलान को क्रांतिकारी बता रही हैं। इधर, मुख्यमंत्री नायडू ने इस प्रस्ताव की घोषणा के लिए सांसद की प्रशंसा भी की है।

जोर

मुख्यमंत्री नायडू दे रहे आबादी बढ़ाने पर जोर

मार्च में दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नायडू ने दक्षिण भारत में घटती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि वहां की वृद्ध होती आबादी चुनौतियां पेश कर रही है। उन्होंने कहा, "मैं पहले परिवार नियोजन की वकालत करता था। अब मैं अपने विचार बदल रहा हूं और जनसंख्या को बढ़ावा दे रहा हूं। अगर, हम भविष्य के लिए जनसांख्यिकीय लाभांश का प्रबंधन कर सकते हैं, तो भारत और भारतीय महान होंगे।"

घोषणा

मुख्यमंत्री नायडू ने की थी अहम घोषणा

मुख्यमंत्री नायडू ने शनिवार को सभी महिला कर्मचारियों को प्रसव के दौरान मातृत्व अवकाश देने की भी घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'पहले मातृत्व अवकाश 2 बच्चों तक सीमित था। अब हम सभी बच्चों के लिए मातृत्व अवकाश बढ़ा रहे हैं, चाहे बच्चों की संख्या कितनी भी हो। इस कदम का उद्देश्य परिवार वृद्धि को प्रोत्साहित करना, जनसंख्या संतुलन को संबोधित करना और महिलाओं को उनके पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन को संतुलित करने में सहायता करना है।'