बिहार: मधुबनी रेलवे स्टेशन पर जलकर खाक हुआ खाली कोच, जांच में जुटा रेलवे
देश
बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को शंटिंग के दौरान जयनगर-उधना अंत्योदय एक्सप्रेस का एक खाली डिब्बा आग की भेंट चढ़ गया। आग इतनी भीषण थी कि पूरा डिब्बा जलकर खाक हो गया। इससे लोगों और रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। रेलवे पुलिस ने यात्रियों को मौके से दूर रखकर दमकल की मदद से कई घंटों बाद आग पर काबू पाया।
रेलवे को है साजिश का शक
रेलवे की टीमें आग लगने की वजह की जांच कर रही हैं। जांच अधिकारी आग लगने के सभी संभावित कारणों को खंगाल रहे हैं। वे क्षेत्र के अपराधी तत्वों की संलिप्तता की आशंका से भी इनकार नहीं कर रहे। डिवीजनल रेलवे मैनेजर (DRM) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बताया कि रेलवे के सुरक्षा, बिजली, परिचालन और रेलवे सुरक्षा बल से जुड़े विभाग इस जांच में जुटे हैं। वे रेलवे स्टाफ और घटना के गवाहों से भी जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं।