गुजरात: रुपयों को लेकर विवाद में 2 को जिंदा जलाया, आरोपी हिरासत में
गुजरात के अमरेली जिले में 2 नवंबर को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 60,000 रुपये के कर्ज विवाद के चलते एक 16 साल के लड़के और 21 साल के युवक को एक वाहन के अंदर जिंदा जला दिया गया।
इस हमले में रवि बघेल और नितिन पचाया नाम के 2 युवकों की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को पहले ही हिरासत में ले लिया है।
क्या था विवाद?
यह 60,000 रुपये के कर्ज का विवाद विपिनसिंह और कमलेश बाडेल के बीच शुरू हुआ था। विपिनसिंह ने अपना वाहन विनोद को बेचने के बाद कमलेश से कहा था कि वह विनोद से पैसे ले ले।
जब विनोद कहीं बाहर था, तब कमलेश ने उसका वाहन वापस ले लिया। इसके बाद बात काफी बिगड़ गई और जवाब में विनोद और उसके साथी राजू ने कथित तौर पर उस वाहन में आग लगा दी, जिसके अंदर रवि और नितिन सो रहे थे।
पुलिस पूछताछ के दौरान विनोद ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया है और राजू का नाम भी बताया है कि वह भी इसमें शामिल था। इस पूरे मामले से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं।