सिंगापुर एयरलाइंस के 46,000 बुकिंग रिकॉर्ड का डाटा लीक, खतरे में यात्रियों की निजी जानकारी
क्या है खबर?
सिंगापुर एयरलाइंस के करीब 46,000 बुकिंग रिकॉर्ड का डाटा लीक होने का मामला सामने आया है। एयरलाइन ने मंगलवार को बताया कि उसके बुकिंग तकनीक उपलब्ध कराने वाली कंपनी एमेडियस से जुड़ी साइबर सुरक्षा घटना में यात्रियों की जानकारी प्रभावित हुई है। इस घटना के बाद एयरलाइन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रभावित यात्रियों को इसकी जानकारी देने के लिए उनसे संपर्क किया जा रहा है।
लीक जानकारी
नाम, फोन नंबर और यात्रा से जुड़ी जानकारी लीक
एयरलाइन के मुताबिक, लीक हुए डाटा में यात्रियों के नाम, बुकिंग रेफरेंस नंबर, यात्रा का पूरा विवरण और बुकिंग श्रेणी जैसी जानकारियां शामिल हैं।
इसके अलावा, करीब 620 बुकिंग से जुड़े ईमेल पते, फोन नंबर, यात्रा दस्तावेजों का विवरण और क्रिसफ्लायर सदस्यता नंबर भी एक्सेस किए गए हो सकते हैं।
हालांकि, बैंक अकाउंट और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी लीक नहीं हुई है। किसी यात्री की बुकिंग में भी बदलाव नहीं किया गया है।
बुकिंग नंबर
प्रभावित यात्रियों के बुकिंग नंबर बदले जाएंगे
सिंगापुर एयरलाइंस ने बताया कि वह उन यात्रियों से संपर्क कर रही है, जिनकी आने वाले दिनों में यात्रा निर्धारित है।
सुरक्षा के मद्देनजर इन सभी यात्रियों के बुकिंग रेफरेंस नंबर बदले जाएंगे। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके अपने IT सिस्टम में कोई सेंधमारी नहीं हुई है।
यह मामला बाहरी कंपनी एमेडियस की तकनीकी व्यवस्था से जुड़ा है, जो एयरलाइन को बुकिंग संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराती है।
अन्य
कई दूसरी एयरलाइंस के यात्री भी हुए प्रभावित
इस साइबर सुरक्षा घटना का असर दूसरी विमानन कंपनियों पर भी पड़ा है।
कैथे पैसिफिक ने करीब 53,000 बुकिंग रिकॉर्ड और जापान एयरलाइंस ने 92,000 यात्रियों की जानकारी प्रभावित होने की बात कही है। मलेशिया एयरलाइंस और दक्षिण कोरिया की एशियाना एयरलाइंस ने भी अपने ग्राहकों का डाटा प्रभावित होने की आशंका जताई है।
एमेडियस ने बुकिंग की जानकारी दिखाने वाले सिस्टम में सुरक्षा खामी मिलने की पुष्टि की है।