अमरावती में महिलाओं के अश्वील वीडियो बनाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, 350 वीडियो सामने आए
महाराष्ट्र के अमरावती में 19 साल के अयान अहमद तन्वीर अहमद को गिरफ्तार किया गया है. उस पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर महिलाओं और लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो साझा किए हैं. बताया जा रहा है कि इनमें कुछ नाबालिग लड़कियाँ भी शामिल थीं. इस मामले ने युवाओं की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं. सांसद अनिल बोंदे ने इस पूरे मामले की गहन जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने की मांग की है.
पोक्सो और आईटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उस पर यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. अभी तक किसी भी पीड़ित ने औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज नहीं कराई है. हालांकि, पुलिस अधिकारी प्रभावित लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे बिना किसी झिझक के सामने आएं और अपनी जानकारी गोपनीय तरीके से साझा करें. सांसद बोंदे को संदेह है कि इस मामले में स्नैपचैट या व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए और भी लोग शामिल हो सकते हैं. उन्होंने पुलिस से इन सभी कड़ियों की गहराई से जांच करने को कहा है.