दिल्ली की यमुना का होगा 'कायापलट', अमित शाह ने लॉन्च की 8,941 करोड़ की योजना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में यमुना नदी को साफ करने के लिए 8,941 करोड़ रुपये की एक बड़ी योजना का एलान किया है।
योजना का अहम हिस्सा ओखला में बनने वाला एक नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) है, जो शहर का अब तक का सबसे बड़ा प्लांट होगा। इसके अलावा, आठ मौजूदा प्लांट्स को भी अपग्रेड किया जाएगा। इन सभी प्लांट्स की संयुक्त क्षमता 78.2 MGD से बढ़कर 140.8 MGD हो जाएगी।
दिल्ली की इस योजना से 36.29 लाख निवासियों को मिलेगा फायदा
इस योजना का मुख्य लक्ष्य अगले दो से ढाई साल में यमुना में बिना ट्रीट किया हुआ गंदा पानी गिरने से रोकना है। इसके तहत सैकड़ों अनाधिकृत कॉलोनियों और गांवों में 29 नए छोटे सीवेज प्लांट और पंपिंग स्टेशन लगाए जाएंगे, जिससे 36.29 लाख निवासियों को सीधा फायदा मिलेगा। साथ ही, 1,034 किलोमीटर लंबा सीवर नेटवर्क बनाने का काम भी चल रहा है।
शाह ने बताया कि इन प्रयासों से नदी की सफाई के 40 प्रतिशत से ज्यादा लक्ष्य को पूरा किया जा सकेगा और यमुना को साफ बनाने की दिशा में दिल्ली एक बड़ा कदम आगे बढ़ाएगी।