भारत बनेगा खेल महाशक्ति? अमित शाह ने 2030 कॉमनवेल्थ और 2036 ओलंपिक की तैयारी शुरू की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में अहमदाबाद में बड़े अधिकारियों के साथ एक बैठक की। इस बैठक का मकसद यह जानना था कि भारत 2030 के कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी के लिए कितना तैयार है और 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए उसकी क्या तैयारी चल रही है।
बैठक में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद थे। शाह ने साफ तौर पर कहा कि सरकार चाहती है कि भारत खेल की दुनिया में एक बड़ा नाम बनकर उभरे।
अहमदाबाद की सुरक्षा गृह मंत्रालय संभालेगा
अहमदाबाद 2030 के CWG की मेजबानी करेगा। इन खेलों की भारत में 20 साल बाद वापसी होगी। इसके अलावा, अहमदाबाद 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी अपनी दावेदारी पेश कर रहा है, हालांकि इसका फैसला 2029 से पहले आने की उम्मीद नहीं है।
इन बड़े इवेंट्स से पहले भी अहमदाबाद में एक और बड़ा आयोजन होने वाला है। 2029 में वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स के लिए करीब 70 देशों से लगभग 10,000 खिलाड़ी अहमदाबाद पहुंचेंगे। गृह मंत्रालय ने इन सभी आयोजनों को बिना किसी दिक्कत के सफल बनाने के लिए सुरक्षा और बाकी इंतजामों को संभालने की तैयारी शुरू कर दी है।