अमित शाह की दिल्ली को 1,941 करोड़ रुपये की सौगात, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
दिल्लीवासियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में 4 बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया है। इनमें मयूर विहार फेज 1 को AIIMS से जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित बारापुला फेज 3 एलिवेटेड रोड भी शामिल है। कुल 1,941 करोड़ रुपये की लागत से बने ये प्रोजेक्ट शहर में आवाजाही को और भी आसान बनाएंगे, साथ ही लोगों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी काफी हद तक छुटकारा दिलाएंगे।
दिल्ली के बारापुला फेज 3 में लगे 1,635 करोड़ रुपये
बारापुला फेज 3 को पूरा होने में तय समय से ज्यादा वक्त लगा और इस पर कुल 1,635 करोड़ रुपये खर्च हुए। इस बड़े प्रोजेक्ट के साथ-साथ शहर में कुछ और नई सड़कें और फ्लाईओवर भी बनाए गए हैं। इनमें मयूर विहार फेज-1 और AIIMS को जोड़ने वाली एक सड़क शामिल है, जिसका फ्लाईओवर सराय काले खां पर पहले से बने बारापुला फ्लाईओवर से जुड़ जाएगा। इसके अलावा, दक्षिण दिल्ली में ट्रैफिक की भीड़ कम करने के लिए 2 नए फ्लाईओवर और उत्तरी दिल्ली में आउटर रिंग रोड पर एक अंडरपास भी तैयार किया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस काम को राज्य और केंद्र सरकार के बीच 'डबल-इंजन' जीत बताया। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए कई और प्रोजेक्ट्स की योजना बना रही है।