तेलंगाना में सूखे से बढ़ी मुसीबत, कृषि मंत्री ने केंद्र से लगाई मदद की गुहार
तेलंगाना गंभीर सूखे की मार झेल रहा है। राज्य के 621 मंडलों में से 315 में बारिश न होने से हालात चिंताजनक बने हुए हैं। कृषि मंत्री टुम्मला नागेश्वर राव ने इस स्थिति से निपटने के लिए तुरंत राहत पैकेज की मांग करते हुए केंद्र सरकार से मदद मांगी है। उन्होंने साफ कहा कि इस मुश्किल दौर में किसानों के लिए रोजगार योजनाएं चलाना और जल संरक्षण के प्रोजेक्ट शुरू करना बेहद जरूरी है, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।
तेलंगाना के कृषि मंत्री ने क्या की मांग
नागेश्वर राव सूक्ष्म सिंचाई उपकरणों और मिश्रित फसलों के बीजों के लिए अतिरिक्त फंड की मांग कर रहे हैं, ताकि छोटे किसानों तक आसानी से पानी पहुंचाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि मक्का और ज्वार जैसी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने की जो सीमा तय है, उसे हटा दिया जाए। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में नुकसान नहीं होगा। वे खाद की कीमतों को तर्कसंगत बनाने और सब्सिडी व्यवस्था को बेहतर करने की भी मांग कर रहे हैं, खासकर ऐसे समय में जब अल नीनो के प्रभाव ने स्थिति को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया है। राज्य सरकार 22 से 30 अक्टूबर तक 'खेत बचाओ अभियान' शुरू करेगी। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को बदलते मौसम के अनुकूल ढलने और उनकी फसलों को सुरक्षित रखने में सहयोग देना है।