मुंबई प्रशासन ने कमी के बीच नदियों में बहाया पीने योग्य लाखों लीटर पानी, जानिए कारण
मुंबई प्रशासन अपने 7 जलाशयों से लाखों लीटर पीने लायक पानी नदियों में छोड़ दिया है, जो अरब सागर में जा मिलती हैं। यह तब हो रहा है, जब शहर में रोजाना लगभग 40 करोड़ लीटर पानी की भारी कमी बनी हुई है। भारी मानसून बारिश के कारण बांधों के लबालब भर जाने के बाद लोगों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाना पड़ा। हालांकि, यह फैसला उन लोगों के गले उतरना मुश्किल है जो पहले से ही पानी की कटौती का सामना कर रहे हैं।
जलाशयों से क्यों छोड़ा गया पानी?
जुलाई 2026 के आखिर से अगस्त की शुरुआत के दौरान जलाशयों में बारिश का पानी इतना भर गया था कि उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में किसी बड़े नुकसान से बचने के लिए अतिरिक्त पानी बाहर छोड़ना पड़ा। दूसरे शहरों में पानी जमा करने की बेहतर व्यवस्था के विपरीत मुंबई में सभी जलाशय आपस में जुड़े हुए नहीं हैं। यही वजह है कि मुंबई में हर साल 2,000 मिलिमीटर से ज्यादा बारिश होने के बावजूद इसका एक बड़ा हिस्सा यूं ही बह जाता है। नतीजतन, जब पानी की मांग बढ़ती है तो लोगों को इसकी कमी से जूझना पड़ता है।