अमेरिका देगा भारत को 'टैंक किलर' जेवलिन मिसाइल सिस्टम
देश
भारत को जल्द ही अमेरिका से जेवलिन एंटी-टैंक मिसाइल सिस्टम मिलने वाले हैं। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इसे दोनों देशों के रक्षा संबंधों में एक अहम कदम बताया है।
लॉकहीड मार्टिन और RTX ने इन जेवलिन मिसाइलों को तैयार किया है। ये मिसाइलें बख्तरबंद ठिकानों को तबाह करने के लिए जानी जाती हैं। अमेरिकी और मित्र देशों की सेनाओं ने युद्ध में इनका इस्तेमाल भी किया है।
अमेरिकी राजदूत बोले- साथ मिलकर बन सकते हैं ये हथियार
राजदूत गोर के मुताबिक, इस सौदे से भारत और अमेरिका मिलकर ये सिस्टम बना सकते हैं। इससे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और भी मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के रिश्ते पहले से ही 'रिकॉर्ड ऊंचाई' पर हैं। यह प्रस्तावित खरीद दर्शाती है कि सुरक्षा के मामलों में भारत कितनी गहराई से अमेरिका के साथ मिलकर काम कर रहा है।