Page Loader
NEET अभ्यर्थी की 'फटी OMR शीट' संबंधी याचिका खारिज, छात्रा पर हो सकती है कार्रवाई
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने NEET मामले में आयुषी पटेल की याचिका खारिज की

NEET अभ्यर्थी की 'फटी OMR शीट' संबंधी याचिका खारिज, छात्रा पर हो सकती है कार्रवाई

लेखन गजेंद्र
Jun 19, 2024
12:11 pm

क्या है खबर?

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने राष्ट्रीय प्रवेश सह-पात्रता परीक्षा (NEET) मामले में एक अभ्यर्थी आयुषी पटेल की 'फटी OMR शीट' संबंधी याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट ने याचिकाकर्ता की याचिका खारिज करते हुए उसपर जाली दस्तावेज प्रस्तुत करने की बात कह राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) को छात्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी छूट दी है। NTA ने अभ्यर्थी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंशा जाहिर की थी। हालांकि, अभ्यर्थी के वकील ने याचिका वापस लेने का अनुरोध किया।

आरोप

आयुषी पटेल ने क्या लगाया था आरोप?

आयुषी पटेल ने आरोप लगाया था कि NTA फटी हुई OMR शीट के कारण उसका रिजल्ट घोषित नहीं कर पाई। साथ ही उन्होंने उत्तर पुस्तिका के आधार पर 715 अंक का दावा किया, लेकिन उनको केवल 335 अंक मिले। उन्होंने सोशल मीडिया पर दावे के साथ वीडियो साझा किया था, जो NEET को लेकर चल रहे विवाद के बीच वायरल हो गया। पटेल ने अपनी OMR शीट का मानवीय मूल्यांकन, NTA के खिलाफ और काउंसिलिंग रोकने की मांग की थी।

सुनवाई

NTA ने कोर्ट में क्या जवाब दिया?

कोर्ट ने 13 जून को आयुषी की याचिका पर सुनवाई करते समय NTA को छात्रा के परीक्षा परिणाम से जुड़े मूल OMR शीट को 18 जून को पेश करने को कहा था। मंगलवार को हुई सुनवाई में NTA की ओर से पेश OMR शीट में कोई नुकसान नहीं दिखा। इसके बाद कोर्ट ने नाराजगी जताई। NTA ने कोर्ट में पटेल के दावों का खंडन कर कहा कि उनका वास्तविक स्कोर दावे से कम था और OMR शीट सही सलामत थी।

जानकारी

प्रियंका गांधी ने साझा किया था आयुषी का वीडियो

NEET विवाद सामने आने के बाद प्रियंका गांधी ने आयुषी का वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने NTA पर गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए थे। प्रियंका ने वीडियो एक्स पर साझा करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।

ट्विटर पोस्ट

प्रियंका गांधी ने साझा किया था वीडियो

वि़वाद

क्या है NEET विवाद?

NEET UG परीक्षा का आयोजन 5 मई को देशभर के 571 और विदेश के 14 शहरों में किया गया था। उस दौरान 8 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए थे। उसके बाद पेपर लीक को लेकर हंगामा हुआ था, लेकिन NTA ने उसे लीक नहीं माना था। इसके बाद जब परिणाम जारी हुआ तो उसमें रिकॉर्ड 67 उम्मीदवारों ने ऑल इंडिया रैंकिंग (AIR-1) हासिल की थी। सभी के 720 में से 720 अंक आए थे। इसके बाद देशभर में हंगामा हो गया।